नर्मदापुरम (मध्य प्रदेश)। विचारक्रांति प्रोत्साहन परिषद द्वारा सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए नर्मदापुरम की प्रतिष्ठित समाजसेवी पूजा गोस्वामी को भारत गौरव अवार्ड–2025 से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान समारोह राजधानी भोपाल में आयोजित हुआ, जिसमें देशभर से अनेक प्रख्यात समाजसेवियों, शिक्षाविदों और विशिष्ट जनों ने सहभागिता की। शंभू गिरि गोस्वामी की सुपुत्री पूजा गोस्वामी समाज सेवा के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय हैं। उन्होंने शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण और युवाओं के नैतिक उत्थान से जुड़ी अनेक योजनाओं में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। वर्तमान में वह एनएसएस (राष्ट्रीय सेवा योजना) कार्यक्रम अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं और युवाओं को समाजसेवा के प्रति प्रेरित करने के लिए निरंतर सक्रिय रहती हैं। पूजा गोस्वामी ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विभिन्न शिविरों में प्रतिभाग कर समाजिक चेतना को मजबूत बनाने का कार्य किया है। उनकी इस निष्ठा और सेवाभाव को देखते हुए परिषद ने उन्हें भारत गौरव अवार्ड–2025 से नवाजा। इस अवसर पर वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. राघव चंद्र नाथ ने कहा कि “पूजा गोस्वामी ने समाज सेवा को अपने जीवन का उद्देश्य बना लिया है। उनके कार्यों से प्रेरणा लेकर युवाओं को भी राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।” पूजा गोस्वामी के सम्मान की खबर से पूरे क्षेत्र में हर्ष की लहर है। स्थानीय नागरिकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भी उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी। उनका कहना है कि पूजा गोस्वामी जैसी युवा समाजसेविकाएँ समाज में नई चेतना और सकारात्मक परिवर्तन की प्रतीक हैं। यह सम्मान न केवल पूजा गोस्वामी की व्यक्तिगत उपलब्धि है बल्कि यह पूरे नर्मदापुरम जिले के लिए गर्व का विषय है, जिसने समाज सेवा के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है।









