वाराणसी, 05 नवंबर 2025।पौराणिक नगरी वाराणसी के कपिलधारा घाट पर देव दीपावली के पावन अवसर पर श्रद्धा, संस्कृति और समाजसेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के अंतर्गत आयोजित
जयघोषित दीपोत्सव में जहां हजारों दीपों की ज्योति से घाट आलोकित हुआ, वहीं महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश भी समाज तक पहुंचा।कार्यक्रम का शुभारंभ श्री विश्वनाथ धर्माधारा फाउंडेशन के संस्थापक भुनाथा रघु राम शर्मा ने दीप प्रज्वलन कर किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में शास्त्रों और पुराणों में वर्णित नारी शक्ति के वैभव का उल्लेख करते हुए कहा कि नारी केवल सृजन का ही नहीं, बल्कि संस्कृति के संचालन का भी आधार है। उन्होंने मिशन शक्ति 5.0 की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए इसे महिला सुरक्षा और
सशक्तिकरण की दिशा में सार्थक पहल बताया।काशी मानव विकास समिति, वाराणसी के अध्यक्ष संजय कुमार प्रजापति ने मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि महिला उत्थान और स्वावलंबन ही समाज की समग्र
प्रगति का मार्ग प्रशस्त करते हैं।कपिलधारा घाट पर दीपों की अलौकिक श्रृंखला ने दर्शकों को मोह लिया। ‘दीपों की कलाकृति’ के रूप में मिशन शक्ति अभियान से संबंधित संदेशों—नारी सुरक्षा, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, महिला हेल्पलाइन 1090/181, डायल 112, और साइबर सुरक्षा जागरूकता—को अभिनव ढंग से प्रदर्शित किया गया। यह अद्भुत प्रदर्शन दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहा।महिला अधिकारों और सरकारी योजनाओं से जुड़ी प्रदर्शनी ने भी जनसमूह को ज्ञानवर्धित किया। श्रद्धालुओं और विद्यार्थियों ने हेल्पलाइन सेवाओं तथा आत्मरक्षा उपायों की जानकारी लेकर इस कार्यक्रम को सार्थकता दी।समापन सत्र में श्री श्री बसुडिया बाबा व्यायामशाला व सेवा ट्रस्ट के प्रबंधक अशोक जायसवाल ने सभी अतिथियों, संस्थाओं, स्थानीय निवासियों और सहभागी महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में नारी सम्मान की भावना को दृढ़ करते रहेंगे।काशी की देव दीपावली की दिव्य भव्यता में इस वर्ष कपिलधारा घाट का यह दीपोत्सव न केवल श्रद्धा का प्रतीक बना, बल्कि सामाजिक चेतना का दीप भी प्रज्ज्वलित कर गया।









