जमानियां। नगर में रविवार की रात कोतवाली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने और लोगों में सुरक्षा का एहसास कराने के उद्देश्य से पैदल गश्त की। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की तथा राहगीरों और आम नागरिकों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को सुना।गश्त एनएच-24 मार्ग, प्रमुख चौराहों और बाजार क्षेत्रों में की गई जिससे आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण रखा जा सके और नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया जा सके। जांच के दौरान संदिग्ध व्यक्ति, वस्तुएं और वाहनों की गहनता से तलाशी ली गई। पुलिस टीम ने नागरिकों, व्यापारियों और राहगीरों से मुलाकात कर सुरक्षा के संबंध में जागरूक किया।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि गश्त का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करना, लोगों को नए कानूनों और सुरक्षा नियमों के बारे में जागरूक करना तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि अशांत तत्वों पर नकेल कसने और शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।सिंह ने बताया कि रात में पैदल गश्त से अपराधों पर अंकुश लगाने में मदद मिलती है और इससे शहर में कानून-व्यवस्था तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर समय जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर है।गश्त के दौरान दुर्गेश तिवारी, सुधीर शुक्ला, अभय कुमार तिवारी, रतन सरोज सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल रहे।









